बिहार विधानसभा के बाहर SIR के खिलाफ विपक्ष का हंगामा

Bihar Vidhansabha: बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन विपक्षी विधायकों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर मोर्चा खोल दिया है। काला कपड़ा पहनकर आए विधायकों ने सत्ताधारी विधायकों को सदन में जाने से रोक दिया है और हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी कर रहे हैं हालांकि सदन का दूसरा गेट खोला गया है और विधायकों को अंदर भेजा जा रहा है।
विधानसभा में जमकर हंगामा
दरअसल, बिहार विधानमंडल के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। विधानमंडल के दोनों ही सदनों में आज भारी हंगामे के आसार है। विपक्ष के विधायक काला कपड़ा पहनकर सदन पहुंचे हैं और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का विरोध कर रहे हैं। सदन के बाहर विपक्षी विधायकों ने सत्ताधारी दल के विधायकों का रास्ता रोक दिया है। बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन को लेकर करीब एक महीने से सियासत गरमाई हुई है।
विपक्ष का सरकार पर आरोप
विपक्ष इसे बीजेपी और चुनाव आयोग की साजिश करार देकर इसे वापस लेने की मांग कर रहा है। बिहार विधानसभा के बाहर पोर्टिको में काला कपड़ा पहनकर महागठबंधन की विधायक फिर के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्ष के हंगामे को देखते हुए सदन का दूसरा गेट खोला गया, जो अमूमन अन्य दिनों बंद रहता है। गेट सालों से बंद पड़ा था। गेट खोलने के लिए भारी मशक्त करनी पड़ी और छेनी हाथौड़े का इस्तेमाल करना पड़ा।
रास्ता रोकने की कोशिश
विपक्ष के विधायकों ने विधानसभा के दूसरे गेट को भी बाधित करने की कोशिश की। आरजेडी विधायक मुकेश रौशन और कांग्रेस विधायक राजेश कुमार ने रास्ता रोकने की कोशिश की, जिन्हें मार्शल ने हटा दिया। इसी बीच सीएम नीतीश कुमार दूसरे रास्ते से विधानसभा पहुंचे। सीएम ने स्पीकर से मुलाक़ात की है। इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी और मंत्री श्रवण कुमार भी मौजूद रहे।




