उत्तर प्रदेश

नितिन नवीन के स्वागत में भगवामयी हुई लखनऊ की सड़कें, 18 किमी लंबे रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नवीन का ऐतिहासिक स्वागत किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान संभालने के बाद पहली बार लखनऊ पहुंचे नितिन नवीन के अभिनंदन के लिए पूरी राजधानी को पोस्टरों और बैनरों से पाट दिया गया था। अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद गुलदस्ता भेंट कर और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सीएम योगी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का परिचय प्रदेश सरकार के मंत्रियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों से करवाया।

एयरपोर्ट से लेकर भाजपा के प्रदेश मुख्यालय तक लगभग 18 किलोमीटर लंबा एक विशाल रोड शो निकाला गया। एक विशेष ओपन वैन में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सवार थे। इस पूरे मार्ग में 42 से अधिक तय स्थानों पर हजारों कार्यकर्ताओं ने फूलों की बारिश कर अपने नेता का स्वागत किया। रोड शो के दौरान समर्थकों का उत्साह देखकर नितिन नवीन ने हवा में तलवार लहराकर उनका हौसला बढ़ाया। इस भव्य स्वागत समारोह में न केवल भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए, बल्कि मुस्लिम समुदाय की महिलाएं, पुरुष और ईसाई धर्म के पादरी व नन भी उनके स्वागत के लिए सड़कों पर खड़े नजर आए।

लखनऊ पहुंचने पर नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश की पावन धरा को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्री राम, श्री कृष्ण और भोले बाबा की इस पवित्र भूमि पर आकर वह खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि यह उनकी कर्मभूमि रही है। कार्यकर्ताओं के गगनभेदी नारों और अभूतपूर्व उत्साह को देखकर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनने जा रही है और पार्टी इसी लक्ष्य को लेकर अपनी कार्ययोजना पर आगे बढ़ रही है।

रोड शो की समाप्ति के बाद भाजपा प्रदेश मुख्यालय में बैठकों का दौर शुरू हुआ। नितिन नवीन ने प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों और सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक की। इस दौरे को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रियों में खासा उत्साह देखा गया। मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं के लिए बेहद मार्गदर्शक साबित होगा। वहीं मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि इस तीन दिवसीय दौरे से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को और अधिक मजबूती मिलेगी। शाम के सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के सभी विधायकों और सांसदों के साथ भी विशेष बैठक कर आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे।

कासगंज एनकाउंटर: शादी का कार्ड दिखा घर में घुसे बदमाश, बहू ने कमरे में किया बंद, पुलिस मुठभेड़ में दो को लगी गोली

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button