PM मोदी के कार्यक्रम से पहले बड़ा खुलासा: फर्जी PMO आईडी और बंदूक के साथ 2 संदिग्ध गिरफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले सुरक्षा एजेंसियों में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) स्थित नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर (NMACC) परिसर से दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। खास बात यह है कि इनमें से एक संदिग्ध के पास से प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का एक फर्जी पहचान पत्र और उसके साथ चल रहे निजी बॉडीगार्ड के पास से एक लोडेड पिस्तौल बरामद की गई है।
खुद को बता रहा था पीएमओ का वरिष्ठ अधिकारी
मुंबई पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, वीवीआईपी कार्यक्रम से पहले सुरक्षा जांच के दौरान एक 24 वर्षीय युवक रोहन पारेख संदिग्ध हालत में घूमता हुआ पाया गया। वह एनएमएसीसी (NMACC) परिसर में खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) का एक बड़ा अधिकारी बताकर सुरक्षा घेरे को पार करने की कोशिश कर रहा था। जब सुरक्षा अधिकारियों ने उससे पूछताछ की और उसका पहचान पत्र मांगा, तो उसने जो आईडी कार्ड दिखाया, वह जांच के दौरान फर्जी पाया गया।
साथ में चल रहे बॉडीगार्ड के पास मिली लोडेड पिस्टल
इस युवक के साथ उसका एक निजी बॉडीगार्ड भी मौजूद था। जब पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने दोनों की तलाशी ली, तो अंगरक्षक के पास से एक भरी हुई बंदूक (पिस्टल) बरामद हुई। हाई-सिक्योरिटी जोन में इस तरह फर्जी पहचान पत्र के साथ हथियारबंद व्यक्ति के पकड़े जाने के बाद तुरंत दोनों को हिरासत में ले लिया गया।
मुंबई क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि ये लोग कड़े सुरक्षा चक्र को भेदकर अंदर कैसे पहुंचे, इन्हें फर्जी आईडी किसने मुहैया कराई थी और इस तरह वे किस मकसद से वीवीआईपी कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे थे। इस घटना के बाद से कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और अधिक चाक-चौबंद कर दी गई है।



