पतिलार पंचायत में फॉगिंग अभियान का आगाज, मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा ने किया मशीन का शुभारंभ

बगहा एक प्रखंड के पतिलार पंचायत मैं मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बचाव और संक्रामक रोगों पर अंकुश लगाने के लिए पतिलार पंचायत ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से सुरक्षित रखने के मकसद से पंचायत में फॉगिंग मशीन की शुरुआत की गई। इस जनोपयोगी सुविधा का आधिकारिक शुभारंभ मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अभिषेक मिश्रा ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण पंचायत को रोगमुक्त और स्वच्छ बनाना उनकी पहली प्राथमिकता है। मौसम में बदलाव के कारण मच्छरों का पनपना आम बात है, जिससे सेहत पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। इसी खतरे को देखते हुए फॉगिंग मशीन का इंतजाम किया गया है। अब पंचायत के सभी वार्डों में योजनाबद्ध तरीके से कीटनाशक का छिड़काव किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें, क्योंकि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।
इस मौके पर मौजूद अशोक राव ने पंचायत के इस कदम को जनहित में एक बड़ा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा के नेतृत्व में पंचायत लगातार विकास के नए आयाम छू रही है। फॉगिंग अभियान शुरू होने से स्थानीय लोगों को मच्छरों की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वच्छता पर्यवेक्षक गोविंद कुमार के अलावा कृष्णनाथ तिवारी, जमुना यादव, रामहरि राव, राजेश यादव, रामचंद्र राम, राघव तिवारी और दयानाथ राव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए उठाए गए इस कदम का स्वागत किया।
पश्चिम चंपारण: बगहा के पतिलार में बड़ा हादसा, पानी भरे गड्ढे में गिरने से एक साल के मासूम की गई जान



