पश्चिम चंपारण: बगहा के पतिलार में बड़ा हादसा, पानी भरे गड्ढे में गिरने से एक साल के मासूम की गई जान

पश्चिम चंपारण के बगहा-1 ब्लॉक अंतर्गत पतिलार पंचायत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पंचायत के वार्ड नंबर 9 में खेलते समय एक साल का मासूम पानी से भरे गड्ढे (पंदोहा) में गिर गया, जिससे उसकी अकाल मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, वार्ड 9 निवासी मुकेश पासवान का एक वर्षीय पुत्र घर के पास ही खेल रहा था। उसी दौरान उसकी मां बबिता देवी घरेलू कामों में व्यस्त थीं। खेलते-खेलते बच्चा अचानक पास में ही मौजूद पानी से भरे गड्ढे की तरफ चला गया और उसमें समा गया। काफी देर तक जब बच्चा नजर नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान बच्चा गड्ढे में अचेत मिला, जिसके बाद परिजन बदहवास हालत में उसे लेकर तुरंत पतिलार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सक डॉ. रचना वर्मा और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह नीरज ने मासूम का आपातकालीन परीक्षण किया। हालांकि, परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि बच्चे को अस्पताल लाने में काफी देर हो चुकी थी, जिसके कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना पर दुख जताते हुए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार सिंह नीरज ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में हर एक मिनट बेहद कीमती होता है। यदि किसी बच्चे के डूबने या किसी अन्य गंभीर हादसे की स्थिति बनती है, तो बिना वक्त गंवाए उसे तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाना चाहिए। समय पर प्राथमिक उपचार मिलने से कई मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है।
डॉक्टरों ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की है कि वे छोटे बच्चों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखें। घर के आसपास मौजूद गड्ढों, पोखरों या पानी के खुले स्रोतों को सुरक्षित करने का प्रयास करें और बच्चों को वहां अकेले न जाने दें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



