बगहा में पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: मरीजों को ढोने वाली एम्बुलेंस से निकली 157 लीटर शराब, UP से बिहार लाई जा रही थी खेप

बगहा, 28 जुलाई। राज्य में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने में जुटी बगहा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीमावर्ती इलाके में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के तहत पुलिस ने एक एम्बुलेंस से 157.30 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। यह खेप उत्तर प्रदेश के रास्ते बिहार में खपाने के इरादे से लाई जा रही थी। नंदी थाना चेक पोस्ट पर हुई इस कार्रवाई के बाद से शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे नंदी थाना क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध वाहनों की लगातार तलाशी ले रही थी। इसी दौरान यूपी की तरफ से आ रही एक एम्बुलेंस को आते देखा गया। एम्बुलेंस की गतिविधियों पर संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रुकवाया। जब गांड़ी के अंदरुनी हिस्सों की बारीकी से जांच की गई, तो एम्बुलेंस में अलग-अलग जगह छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत पूरी खेप और एम्बुलेंस को जब्त कर लिया।
शुरुआती तफ्तीश में पुलिस इसे अंतरराज्यीय तस्करी के एक बड़े नेटवर्क से जोड़कर देख रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह शराब यूपी के किस जिले से लोड की गई थी और बिहार में इसे किस जगह डिलीवर किया जाना था। इस पूरे गिरोह के आकाओं और इसमें शामिल अन्य तस्करों का सुराग लगाने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
नंदी थाना के थानाध्यक्ष दीपक प्रसाद ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि शराब के कारोबार या सेवन में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। तस्करों के खिलाफ कानून का पूरा शिकंजा कसा जाएगा।
थाना प्रभारी ने बताया कि तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए नए-नए पैंतरे आजमा रहे हैं, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम उनके हर मंसूबे को नाकाम कर रही है। सीमा पार से आने वाली हर संदिग्ध गाड़ी पर पैनी नजर रखी जा रही है। जब्त एम्बुलेंस के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या इस गाड़ी का इस्तेमाल पहले भी तस्करी के लिए किया गया था। मौके पर
Si राज कुमार सिंह BHG के चार जवान नगीना यादव
केमिस्ट्री पांड दशरथ यादव अखिलेश शाह
बगहा पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि अगर उनके आसपास अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले, तो वे बिना झिझक पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। पुलिस का मानना है कि स्थानीय लोगों की सजगता से तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सकता है।




