ब्रेकिंग न्यूज

बगहा एसपी का बड़ा कदम: पटखौली थाने का औचक निरीक्षण कर लिया गोद, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को दी सख्त चेतावनी

बगहा। सीमावर्ती इलाकों में कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और पुलिस की कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए बगहा पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाया। एसपी ने अचानक पटखौली थाने पहुंचकर औचक निरीक्षण किया, जिससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। इस दौरान उन्होंने थाने के कामकाज, फाइलों के रखरखाव और पेंडिंग मामलों की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के बाद पुलिस अधीक्षक ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए पटखौली थाने को गोद लेने और इसे एक ‘आदर्श थाना’ के रूप में विकसित करने का संकल्प जताया।

थाने में पहुंचते ही एसपी ने सबसे पहले पेंडिंग पड़े मुकदमों (लंबित कांडों) के रिकॉर्ड खंगाले। उन्होंने जांच अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि पुराने मामलों की फाइलों को दबाकर न रखा जाए, बल्कि उनका तेजी से और गुणवत्तापूर्ण निपटारा किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने थाने के सिरिस्ता, क्राइम रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों के रख-रखाव को देखा तथा परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

पुलिस अधीक्षक ने पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का रवैया आम नागरिकों के प्रति सहयोगात्मक और सम्मानजनक होना चाहिए ताकि लोग बिना किसी डर के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें। बेहतर कानून व्यवस्था के लिए एसपी ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ मिलकर काम करने की सलाह दी।

निरीक्षण के अंत में एसपी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि जनता की सेवा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी पुलिसकर्मी या अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार या दुर्व्यवहार की शिकायत मिलती है, जिससे खाकी की छवि खराब हो, तो उसके खिलाफ तुरंत और सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

बगहा में टीबी उन्मूलन को लेकर विधायक राम सिंह की बड़ी पहल, पतिलार पीएचसी में मरीजों को बांटी पोषण सामग्री

नीरज मिश्रा की रिपोर्ट

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button