पतिलार में खेल मैदान बना बालू-गिट्टी का गोदाम, युवाओं का भविष्य दांव पर

पश्चिम चंपारण के पतिलार स्थित हरिहर उच्च विद्यालय +2 के प्रांगण में मुख्यमंत्री योजना के तहत हजारों की लागत से बनाए गए खेल मैदान की बदहाली पर स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। बच्चों और युवाओं को खेलकूद के लिए मिली इस सौगात का उपयोग अब प्रशासनिक और खेल गतिविधियों के बजाय बालू, गिट्टी और ईंटों के भंडारण के लिए किया जा रहा है, जिससे पूरा खेल परिसर निर्माण सामग्री के गोदाम में तब्दील हो चुका है।
ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को बेहतर शारीरिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पंचायत द्वारा इस खेल मैदान का निर्माण कराया गया था। कार्य पूरा होने के बाद इसे विधिवत रूप से विद्यालय प्रबंधन को सौंप दिया गया था ताकि छात्र इसका भरपूर लाभ उठा सकें। लेकिन वर्तमान तस्वीर इसके बिल्कुल उलट है। मैदान के चारों ओर बने रनिंग ट्रैक पर भारी मात्रा में निर्माण सामग्री गिरा दी गई है और ट्रैक्टर-ट्रेलर खड़े किए जा रहे हैं, जिससे ट्रैक पूरी तरह अवरुद्ध हो चुका है।
इस स्थिति का सबसे बुरा असर उन युवाओं पर पड़ रहा है जो भारतीय सेना और अन्य सुरक्षा बलों में जाने के लिए रोजाना सुबह-शाम इस ट्रैक पर पसीना बहाते थे। रनिंग ट्रैक बंद होने से उनकी तैयारी पर ब्रेक लग गया है और छोटे बच्चों के खेलकूद का सपना भी धूमिल हो रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही से मैदान की मिट्टी और ट्रैक के पूरी तरह खराब होने की आशंका भी गहरा गई है।
मामले को लेकर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक मिश्रा ने कहा कि खेल मैदान का निर्माण युवाओं के भविष्य के लिए हुआ है और इसे निर्माण सामग्री से पाटना बेहद गलत है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से मौखिक तौर पर मैदान को अविलंब खाली कराने का अनुरोध किया है। वहीं दैनिक जागरण पंचायत क्लब के अध्यक्ष अभय कुमार उपाध्याय ने इस गंभीर लापरवाही की सूचना दूरभाष के माध्यम से जिला पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी को देते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। स्थानीय युवा रंजन कुमार समेत अन्य खेल प्रेमियों का कहना है कि अगर जल्द ही मैदान को खाली नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मैदान से तुरंत बालू और गिट्टी हटाई जाए ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।



