वाल्मीकिनगर में व्यवसायी ने नहर में कूदकर दी जान देने की कोशिश, नाजुक हालत में गोरखपुर रेफर

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के वाल्मीकिनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक स्थानीय ऑटोमोबाइल व्यवसायी ने मंगलवार सुबह पूर्वी नहर में छलांग लगा दी। घटना तीन आरडी पुल के पास की है। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद राहगीरों और परिजनों ने मुस्तैदी दिखाते हुए युवक को समय रहते पानी से बाहर निकाल लिया। फिलहाल गंभीर स्थिति में उन्हें इलाज के लिए गोरखपुर ले जाया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
इलाज के दौरान दो बार किया गया रेफर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टंकी बाजार मेन रोड के रहने वाले परशुराम प्रसाद के 35 वर्षीय पुत्र पुरुषोत्तम कुमार उर्फ पप्पू सुबह करीब छह बजे अचानक नहर में कूद गए। चीख-पुकार मचने पर जुटे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बचाया। आनन-फानन में उन्हें वाल्मीकिनगर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
बगहा में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अरुण कुमार यादव ने युवक की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। हालांकि, बेहतर और त्वरित इलाज की उम्मीद में परिजन उन्हें बेतिया ले जाने के बजाय सीधे गोरखपुर लेकर रवाना हो गए।
जांच में जुटी पुलिस, कारणों का खुलासा नहीं
नहर में छलांग लगाने वाले पुरुषोत्तम कुमार वाल्मीकिनगर में ही “चंदन ऑटोमोबाइल” नाम से दुकान चलाते हैं। वे शादीशुदा हैं और उनके परिवार में पत्नी समेत एक बेटा और एक बेटी है। एक प्रतिष्ठित व्यवसायी द्वारा ऐसा आत्मघाती कदम उठाए जाने से स्थानीय लोग हैरान हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक ने ऐसा कदम क्यों उठाया।




