मनोरंजन

स्पेशल ऑप्स 2 का नया सीजन रीलीज, साइबर युद्ध की कहानी से भरपूर

नई दिल्ली। OTT दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय रही जियो हॉटस्टार की वेब सीरीज ‘स्पेशल ऑप्स’ एक बार फिर सुर्खियों में है। 18 जुलाई 2025 से इस सीरीज का नया सीज़न ‘स्पेशल ऑप्स 2’ स्ट्रीमिंग पर आ गया है। निर्माता-निर्देशक नीरज पांडे ने इस बार सीरीज को पूरी तरह नई थीम और स्केल पर पेश किया है, जिसमें मुख्य भूमिका में एक बार फिर केके मेनन रॉ अधिकारी हिम्मत सिंह के रूप में नजर आ रहे हैं।

क्या कहती है कहानी?

इस बार की कहानी आतंकवाद से हटकर साइबर युद्ध पर आधारित है, जो इसे पिछले सीजन से बिल्कुल अलग और ताज़ा बनाती है। कहानी की शुरुआत एक प्रतिष्ठित भारतीय वैज्ञानिक डॉ. पीयूष भार्गव (अभिनेता आरिफ ज़कारिया) के रहस्यमयी अपहरण और एक शीर्ष खुफिया अधिकारी की हत्या से होती है। सरकार के उच्च स्तर पर बुलाई गई बैठक के बाद, यह मिशन सौंपा जाता है हिम्मत सिंह को — जिनका काम है भार्गव को सुरक्षित भारत लाना और इस पूरी साज़िश की तह तक पहुँचना।

कौन है इस ऑपरेशन का मास्टरमाइंड?

मिशन आसान नहीं है, क्योंकि हिम्मत और उसकी टीम के पास न तो अपहरणकर्ता की मंशा का पता है और न ही इस ऑपरेशन के पीछे के मास्टरमाइंड की पहचान। हिम्मत सिंह कम समय में सभी एजेंटों को सक्रिय कर देते हैं, और यहीं से शुरू होता है एक रेस — तकनीक, जासूसी और रणनीति का रोमांचक खेल।

स्पेशल ऑप्स 2 को इस बार हॉलीवुड स्टाइल में शूट किया गया है। इसमें कई देशों की लोकेशन्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रोडक्शन देखने को मिलता है, जिससे इसका स्केल काफी बड़ा लगता है।

केके मेनन के अलावा, इस सीज़न में प्रकाश राज, ताहिर राज भसीन, सैयामी खेर, मुज़म्मिल इब्राहिम, शिखा तलसानिया, विनय पाठक, परमीत सेठी, और कालीप्रसाद मुखर्जी जैसे कई बेहतरीन कलाकार नजर आते हैं। हर किरदार को बारीकी से लिखा गया है और सभी ने अपने अभिनय से कहानी में जान डाल दी है।

सीरीज में एक्शन थोड़ा कम है, लेकिन इसकी भरपाई कसी हुई पटकथा, रोमांचक ट्विस्ट और भावनात्मक परतों से की गई है। नीरज पांडे की निर्देशन क्षमता एक बार फिर यह साबित करती है कि वह थ्रिलर और जासूसी कहानी कहने में माहिर हैं। लेखकों दीपक किंगरानी और बेनज़ीर अली फ़िदा की लेखनी में वह कसाव और थ्रिल है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखती है।

सात एपिसोड में बनी इस सीरीज में सिनेमैटोग्राफी शानदार है, जिससे हर सीन में एक इंटरनेशनल टच दिखाई देता है। खासकर हिम्मत सिंह के इमोशनल और रणनीतिक पहलुओं को केके मेनन ने बेहतरीन ढंग से निभाया है।

अगर आप एक स्मार्ट, गंभीर और रोमांचक कहानी की तलाश में हैं, तो स्पेशल ऑप्स 2 आपके लिए परफेक्ट है। सीरीज में ऐसा क्लाइमैक्स है जो आपको आखिरी एपिसोड तक खींच कर ले जाएगा — और शायद वहाँ आपको एक और ट्विस्ट मिल जाए!

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button