पटना, 17 जुलाई। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गुरुवार को बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। उन्होंने राज्यपाल से अनुरोध किया कि बिहार में तत्काल राष्ट्रपति शासन लगाया जाए, क्योंकि राज्य में “पूरी तरह से शासन व्यवस्था चरमरा गई है।”
पप्पू यादव ने कहा कि “अब बिहार में नीतीश कुमार नहीं, भाजपा सरकार चला रही है। पूरा सिस्टम खत्म हो चुका है। ऐसे हालात में राज्य में राष्ट्रपति शासन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।”
CBI जांच की उठाई मांग
सांसद पप्पू यादव ने गोपाल खेमका हत्याकांड और बालू माफिया रमाकांत यादव हत्याकांड की CBI जांच की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस जाति देखकर कार्रवाई करती है और गंभीर मामलों में लीपापोती कर रही है। “हर बड़े अपराध को दबाने की कोशिश हो रही है, इसीलिए निष्पक्ष जांच और प्रशासनिक नियंत्रण के लिए राष्ट्रपति शासन जरूरी है,” उन्होंने कहा।
ललन सिंह की मटन पार्टी पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पर निशाना साधते हुए पप्पू यादव ने कहा, “चाहे मटन पार्टी करें या कुछ और, फर्क नहीं पड़ता। जब बिहार में आदमी ही नहीं बचेगा तो कौन पार्टी मनाएगा?” उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर और ललन सिंह की अपनी राजनीति हो सकती है, “लेकिन मेरी राजनीति बिहार की 14 करोड़ जनता की सुरक्षा से जुड़ी है।”
पप्पू यादव की यह सक्रियता आगामी चुनावी माहौल में बिहार की राजनीति को और गरमा सकती है।




