बिहार चुनाव से पहले BJP को बड़ी राहत, मिश्रीलाल यादव की सदस्यता बहाल

Mishrilal Yadav: पटना हाई कोर्ट ने भाजपा विधायक मिश्रीलाल यादव को बड़ी राहत दी है। हाई कोर्ट ने उनकी सजा और दोषसिद्धि को निरस्त कर दिया, जिसके बाद उनकी विधानसभा सदस्यता बहाल कर दी गई है। बुधवार देर रात विधानसभा सचिवालय की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई।
अब मिश्रीलाल यादव गुरुवार से विधानसभा की कार्यवाही में भाग ले सकेंगे। वर्तमान में बिहार विधानसभा का मानसून सत्र चल रहा है, जो शुक्रवार तक जारी रहेगा।
दरभंगा स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत ने भाजपा विधायक मिश्रीलाल यादव को 27 मई 2024 को दो साल की सजा सुनाई थी। अदालत ने उन्हें एक पुराने मामले में दोषी माना था। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता समाप्त कर दी थी और उनके विधानसभा क्षेत्र अलीनगर को रिक्त घोषित कर दिया गया था।
मिश्रीलाल यादव ने विशेष अदालत के फैसले को पटना हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। हाई कोर्ट ने दोषसिद्धि को निरस्त करते हुए विधानसभा को संबंधित आदेश भेजा। इसके आधार पर विधानसभा ने पुराना आदेश वापस ले लिया और उनकी सदस्यता फिर से बहाल कर दी।
इस फैसले को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले भाजपा के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। मिश्रीलाल यादव की वापसी से अलीनगर सीट पर भाजपा की स्थिति फिर से मजबूत मानी जा रही है।
मिश्रीलाल यादव की सदस्यता बहाली से न सिर्फ उन्हें व्यक्तिगत राहत मिली है, बल्कि भाजपा को भी आगामी चुनावी रणनीति में एक अहम चेहरा फिर से मिल गया है।




