सहरसा में बोलेरो-ट्रैक्टर की टक्कर में भीषण हादसा, दो की मौत; दो घायल

सहरसा। सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-107 पर सोमवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण टक्कर सहरसा-मधेपुरा मुख्य मार्ग पर राइस मिल के समीप बोलेरो और ट्रैक्टर के बीच हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में 25 वर्षीय बोलेरो चालक हरि साह और 30 वर्षीय महिला रूपा देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथ गाड़ी में सवार एक साल और दो साल के दो मासूम बच्चे बुरी तरह घायल हो गए। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के लगमा गांव के निवासी हैं और एक ही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। ये सभी सावन की सोमवारी पर सिंघेश्वर स्थान, मधेपुरा में पूजा-अर्चना के बाद देर रात बोलेरो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह भीषण दुर्घटना घट गई।
हादसे की सूचना पर बैजनाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना से गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।


