पटना से दिल्ली अब सिर्फ 10 घंटे में: 31 जुलाई से चलेगी अमृत भारत एक्सप्रेस, लग्जरी का अनुभव वो भी किफायती किराए पर!

भारतीय रेलवे ने बिहारवासियों के लिए एक बड़ी सौगात की घोषणा की है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन (संख्या 22361/22362) की शुरुआत का फैसला किया है, जो राजेंद्र नगर टर्मिनल (पटना) और नई दिल्ली के बीच रोजाना चलाई जाएगी। यह ट्रेन न केवल तेज और आरामदायक होगी, बल्कि आम लोगों के लिए बेहद किफायती भी साबित होगी।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 22361 (राजेंद्र नगर टर्मिनल–नई दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस) अपनी नियमित सेवा 31 जुलाई 2025 से शुरू करेगी। यह ट्रेन प्रतिदिन शाम 7:45 बजे पटना से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 1:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वहीं वापसी की सेवा के तहत ट्रेन संख्या 22362 (नई दिल्ली–राजेंद्र नगर टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस) 1 अगस्त 2025 से शुरू होगी, जो हर दिन शाम 7:10 बजे नई दिल्ली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:45 बजे पटना पहुंचेगी।
इस सेमी-हाईस्पीड ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें 8 स्लीपर कोच, 11 जनरल कोच, 2 लगेज व ब्रेक वैन, और 1 पैंट्री कार शामिल है। इसे यात्रियों के आराम और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है।
अमृत भारत एक्सप्रेस में वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, और स्पीकर सिस्टम लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को स्टेशनों की जानकारी समय पर मिल सके। आपात स्थिति में ड्राइवर से संवाद करने के लिए विशेष टॉक सिस्टम लगाया गया है। इसके अलावा शौचालयों को भी आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है, ताकि सफर अधिक आरामदायक हो सके।
दरअसल, ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 18 जुलाई 2025 को एक विशेष उद्घाटन यात्रा के रूप में किया जाएगा। उद्घाटन ट्रेन 03261 (राजेंद्र नगर टर्मिनल–नई दिल्ली) पटना से 18 जुलाई को सुबह 11:45 बजे रवाना होगी और 19 जुलाई को तड़के 4:00 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में, विशेष ट्रेन 03262 (नई दिल्ली–राजेंद्र नगर टर्मिनल) 19 जुलाई को शाम 6:00 बजे दिल्ली से रवाना होकर 20 जुलाई को सुबह 11:45 बजे पटना पहुंचेगी।
रेलवे का यह कदम पटना और दिल्ली के बीच यात्रा को न केवल तेज़ और सुविधाजनक बनाएगा, बल्कि आम यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर का अनुभव भी प्रदान करेगा। यह सेवा बिहार को राजधानी से जोड़ने में एक नया आयाम जोड़ने जा रही है, जिससे राज्य के विकास को भी गति मिलेगी।




