बिहार

पटना: खान सर के कोचिंग संस्थान में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग, मची भगदड़, सुरक्षित निकाले गए सैकड़ों छात्र

पटना में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। बिहार की राजधानी के प्रमुख शैक्षणिक हब मुसल्लहपुर हाट इलाके में स्थित मशहूर शिक्षक खान सर के कोचिंग सेंटर (खान ग्लोबल स्टडीज) में गुरुवार की देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की इस घटना से पूरे परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी और भगदड़ की स्थिति बन गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी भी छात्र या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और सभी बाल-बाल बच गए।

घटना कदमकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस की है, जहां खान सर का यह प्रसिद्ध कोचिंग संस्थान संचालित होता है। बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम को जब कोचिंग में कक्षाएं चल रही थीं, तभी अचानक परिसर में धुएं का भारी गुबार उठने लगा। देखते ही देखते बाहर लगे एक बोर्ड में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। प्रारंभिक तौर पर इस हादसे की वजह बिजली के पैनल में हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग की खबर फैलते ही कोचिंग प्रबंधन ने तत्परता दिखाई और क्लास में मौजूद सभी छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को फौरन सुरक्षित तरीके से इमारत से बाहर निकाल लिया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय कैंपस में भारी संख्या में छात्र मौजूद थे। इसके पास ही रौशन आनंद का ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर भी स्थित है। आग मुख्य रूप से संस्थान के बाहरी हिस्से और बिजली पैनल के पास लगी थी, जिस पर समय रहते काबू पा लिया गया। इस वजह से कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई।

इस मामले में एक महत्वपूर्ण बात यह भी सामने आ रही है कि अग्निशमन विभाग द्वारा खान ग्लोबल स्टडीज को पहले भी कई बार नोटिस जारी किया जा चुका था। विभाग का कहना था कि यह संस्थान फायर सेफ्टी (अग्निशमन सुरक्षा) के तय मानकों को पूरी तरह से पूरा नहीं कर रहा है। फिलहाल इस हादसे के बाद पुलिस और संबंधित विभाग मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं कि सुरक्षा में कहां चूक हुई। खबर लिखे जाने तक कोचिंग प्रबंधन या स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक लिखित बयान जारी नहीं किया गया था।

पत्रकार पर कुर्सी तानने वाले अंचलाधिकारी की बढ़ीं मुश्किलें, चंपारण डीएम के कड़े रुख के बाद दोबारा शुरू हुई जांच

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button