अंतर्राष्ट्रीय

मेरठ की बेटी काव्या भाटी ने वैश्विक मंच पर गाड़े सफलता के झंडे, जकार्ता में जीता मिस कल्चर एशिया एंड ओशिनिया 2026 का खिताब

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर की होनहार बेटी काव्या भाटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाते हुए एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित प्रतिष्ठित ‘मिस कल्चर इंटरनेशनल 2026’ प्रतियोगिता में काव्या ने ‘मिस कल्चर एशिया एंड ओशिनिया 2026’ का शानदार खिताब जीता है। इस वैश्विक मंच पर उन्होंने भारतीय संस्कृति, अद्वितीय आत्मविश्वास और नारी शक्ति का ऐसा प्रदर्शन किया कि हर कोई उनकी प्रतिभा का कायल हो गया।

मोदीपुरम की अक्षरधाम कॉलोनी की रहने वाली काव्या की इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल क्रांतिधरा मेरठ बल्कि पूरा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। एक से सात जून तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया भर के लगभग 20 देशों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। छह जून को हुए ग्रैंड फिनाले में काव्या ने सभी को पछाड़कर यह ताज अपने सिर सजाया। स्वदेश लौटने पर उनका जोरदार स्वागत किया जा रहा है।

काव्या की इस सफलता में उनके हाजिरजवाब और गजब के आत्मविश्वास की बड़ी भूमिका रही। प्रतियोगिता के सवाल-जवाब राउंड के दौरान जब निर्णायक मंडल (जूरी) ने उनसे पूछा कि यदि आप इस खिताब के योग्य नहीं हैं, तो आपके अलावा किसे यह ताज मिलना चाहिए? इस पर काव्या ने बिना झिझक बेहद शालीनता और दृढ़ता से उत्तर दिया कि इस खिताब की सबसे प्रबल और एकमात्र दावेदार वही हैं, कोई और नहीं। उनके इस बेबाक और आत्मविश्वास से भरे जवाब ने जूरी सदस्यों का दिल जीत लिया और वे उन्हें विजेता घोषित करने से खुद को रोक नहीं पाए।

भविष्य में काउंसलर बनना चाहती हैं काव्या

काव्या भाटी की शुरुआती शिक्षा मोदीपुरम स्थित दयावती मोदी एकेडमी से हुई है, जहां से उन्होंने वर्ष 2024 में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने एक साल तक मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) की तैयारी भी की। हालांकि, अब वह एमेटी यूनिवर्सिटी नोएडा से मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) की पढ़ाई कर रही हैं और भविष्य में एक सफल काउंसलर बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। उनकी मां छवि ऊर्जा निगम में कार्यरत हैं और बेटी की इस उड़ान से बेहद खुश हैं।

मिस सुप्रीमेसी इंडिया 2025 से शुरू हुआ था सफर

वैश्विक मंच पर तिरंगा लहराने से पहले काव्या ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरी थी। उन्होंने ‘सुप्रीमेसी पेजेंट्स’ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ‘मिस सुप्रीमेसी इंडिया 2025’ का खिताब अपने नाम किया था। इसी जीत के बाद उन्हें जकार्ता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, जिसके लिए उन्होंने दिन-रात कड़ी मेहनत की थी। अपनी इस अविस्मरणीय जीत पर काव्या ने कहा कि यह गौरवशाली ताज पूरे भारतवर्ष का है और वह आगे भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश को शीर्ष पर ले जाने के लिए हमेशा संकल्पित रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button