इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 में दिख सकता है वैभव सूर्यवंशी का तूफान, सोशल मीडिया पोस्ट से मिले डेब्यू के संकेत

मैनचेस्ट के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर आज भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाना है। इस मैच से ठीक पहले भारतीय क्रिकेट के नए सनसनी वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने की सुगबुगाहट तेज हो गई है। वैभव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन में न्यू चैप्टर लिखा है। उनके इस रहस्यमयी पोस्ट के बाद क्रिकेट गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आज वह नीली जर्सी में मैदान पर उतर सकते हैं।
हालांकि इस संबंध में भारतीय टीम प्रबंधन या बीसीसीआई की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। दूसरी ओर, टीम के बॉलिंग कोच मॉर्ने मॉर्कल ने संकेत दिए थे कि टीम मैनेजमेंट पहले मैच के संयोजन में ज्यादा फेरबदल करने के मूड में नहीं है। मॉर्कल ने संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा जैसे सीनियर खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए उन्हें और मौके देने की बात कही थी।
इससे पहले आयरलैंड दौरे पर भी वैभव को टीम में शामिल किए जाने की मांग उठी थी, लेकिन उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली। उस सीरीज में भारत को शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी-20 में भी जब उन्हें बाहर बैठाया गया, तो सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और एबी डिविलियर्स जैसे पूर्व दिग्गजों ने इस फैसले पर हैरानी जताई थी और वैभव को तुरंत मौका देने की पैरवी की थी।
महज 15 साल और 71 दिन की उम्र में भारतीय टीम का हिस्सा बनकर वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया है। वह भारत के लिए चुने जाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर हैं, जिन्होंने सचिन तेंदुलकर और शेफाली वर्मा के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। बीसीसीआई ने उन्हें टीम इंडिया की ऐतिहासिक नंबर-3 जर्सी सौंपी है। जर्सी लेते वक्त उन्होंने थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था, जिसका वीडियो फैंस को काफी पसंद आया था।
कम उम्र होने के कारण इंग्लैंड दौरे पर वैभव की सुरक्षा और प्राइवेसी का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आईसीसी की चाइल्ड सेफगार्डिंग पॉलिसी के तहत उनके लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है, साथ ही उनके परिवार को भी टीम के साथ होटल में रुकने की अनुमति मिली है।
वैभव का हालिया फॉर्म बेहद खतरनाक रहा है। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 237.31 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 776 रन कूटे थे, जिसमें एक शतकीय पारी भी शामिल थी। इसके अलावा इंडिया-ए के लिए खेलते हुए उन्होंने श्रीलंका-ए के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक ठोककर लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज पचासा लगाने का कीर्तिमान भी अपने नाम किया था।
आज शाम 7 बजे होने वाले इस मुकाबले पर सबकी नजरें टिकी हैं कि क्या इस युवा खिलाड़ी को मौका मिलता है या नहीं। हालांकि, इस मैच पर बारिश का साया भी मंडरा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक मैनचेस्टर में मैच के दौरान 55 प्रतिशत बारिश की आशंका है। सीरीज का पहला मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया था।
यूपी में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं का बिना नोटिस बढ़ा बिजली लोड, नियमों की अनदेखी पर हंगामा
