बगहा में स्वास्थ्य व्यवस्था की खुली पोल: औचक निरीक्षण में बंद मिला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, अनुपस्थित ANM पर गिरेगी गाज

पश्चिमी चंपारण के बगहा-1 प्रखंड से स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का एक और गंभीर मामला सामने आया है। ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावों की जमीनी हकीकत तब उजागर हुई, जब प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने एकडेरवा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल पर ताला लटका मिला, जिससे स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है।
निरीक्षण के वक्त केंद्र पर तैनात ANM काजल कुमारी बिना किसी पूर्व सूचना के डयूटी से नदारद पाई गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दूसरी ANM तनु कुमारी मौके पर उपस्थित मिलीं। लेकिन मुख्य केंद्र का बंद मिलना और एक कर्मचारी का गैर-हाजिर रहना विभागीय कार्यशैली पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है।
सरकार की ओर से गांवों में स्वास्थ्य जांच, गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण और प्राथमिक उपचार जैसी बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए इन सेंटरों का संचालन किया जाता है। ऐसे में यदि अस्पताल के दरवाजे ही बंद मिलेंगे, तो सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों, बुजुर्गों और नौनिहालों को समय पर इलाज कैसे मिल पाएगा। स्थानीय लोगों में इस लचर व्यवस्था को लेकर भारी नाराजगी है।
अब सबकी निगाहें स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों पर टिकी हैं कि बिना किसी सूचना के ड्यूटी से गायब रहने वाली ANM काजल कुमारी के खिलाफ क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है। साथ ही, यह भी देखना अहम होगा कि ग्रामीणों को नियमित और सुचारू स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें, इसके लिए विभाग क्या ठोस कदम उठाता है।




