बिहार

मोकामा: दूषित जलजमाव से जूझ रहे मरांची मुसहरी के लोग, नारकीय जीवन जीने को मजबूर

मोकामा। बिहार के मोकामा प्रखंड के मरांची मुसहरी गांव के लोग इन दिनों दूषित जलजमाव की समस्या से बुरी तरह प्रभावित हैं। महीनों से नालियों की उड़ाही न होने के कारण गंदा पानी गलियों और घरों तक फैल गया है, जिससे लोगों का जीवन नारकीय हो गया है। सबसे बुरी स्थिति पंचायत के वार्ड संख्या 6 के महादलित टोले की है, जहां सड़कों के किनारे लगातार गंदा पानी जमा होने से महामारी फैलने की आशंका ने लोगों में भय का माहौल बना दिया है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि महादलित टोले की वर्षों से घोर उपेक्षा की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों का जीवन संकट में है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है, क्योंकि वे इस गंदगी और बदबू भरे वातावरण में बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। महिलाओं को घरों के अंदर भी दुर्गंध और गंदे पानी के कारण अत्यंत असुविधा हो रही है।

गांव के लोगों ने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका। अंततः मोकामा प्रखंड विकास पदाधिकारी ने गांव की स्थिति का जायजा लिया और समस्या की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नालियों की उड़ाही और गलियों की सफाई कराने का निर्देश दिया है।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासनिक पहल से जल्द स्थिति सुधरेगी और उन्हें इस नारकीय स्थिति से राहत मिलेगी। साथ ही, वे मांग कर रहे हैं कि गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button