बगहा में एसपी राजेश कुमार ने कसी कमर, लंबित मामलों के निपटारे और अपराधियों पर शिकंजे के लिए दिए कड़े निर्देश

पश्चिमी चंपारण के पुलिस जिला बगहा में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार की अगुवाई में हुई इस जिला स्तरीय मासिक समीक्षा गोष्ठी में जून 2026 के दौरान हुए कार्यों का लेखा-जोखा देखा गया। पुलिस सभागार में संपन्न हुई इस बैठक का मुख्य एजेंडा अपराध पर लगाम लगाना, लंबे समय से अटके मामलों को तेजी से निपटाना और पुलिसिंग व्यवस्था को सुधारना था।
इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यालय पुलिस उपाधीक्षक, परिचारी प्रवर, साइबर डीएसपी समेत बगहा और रामनगर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सभी अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी और विभिन्न विशेष शाखाओं के अधिकारी भी इसमें शामिल हुए।
एसपी राजेश कुमार ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि जितने भी मामले पेंडिंग हैं, उनका समय पर और निष्पक्ष रूप से अनुसंधान पूरा किया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे क्षेत्रों में गश्त बढ़ाएं, सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाएं और अपराधियों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई तेज करें। इसके अलावा पासपोर्ट और चरित्र प्रमाण पत्र जैसे वेरिफिकेशन के कामों में देरी न करने की बात कही। अवैध बालू खनन करने वालों पर नकेल कसने के लिए छापेमारी जारी रखने और डायल-112, सीसीटीएनएस व मद्यनिषेध के तहत लगातार एक्शन मोड में रहने का आदेश दिया गया।
समीक्षा के दौरान एसपी ने वारंटियों की धरपकड़ और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने साफ कहा कि जनता की सुरक्षा और अवैध धंधों पर रोक लगाने में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे आम लोगों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर काम करें ताकि एक संवेदनशील और पारदर्शी पुलिस व्यवस्था कायम हो सके।
जून 2026 में बगहा पुलिस की बड़ी सफलताएं
विभिन्न मामलों में कुल 136 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
वारंट के आधार पर 107 लोगों की गिरफ्तारी हुई।
चेकिंग और अन्य कार्रवाई के दौरान कुल 7,84,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
शराबबंदी कानून के तहत 1,488.65 लीटर देसी और विदेशी शराब जब्त की गई।
न्यायालय के आदेश पर 329 जमानती वारंट और 411 गैर-जमानती वारंट तामील कराए गए।
इसके साथ ही 66 कुर्की वारंट का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया।
बैठक के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों ने एसपी को भरोसा दिलाया कि वे मुख्यालय के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेंगे और अपराधियों के खिलाफ अपना अभियान और तेज करेंगे।
IND vs ENG 3rd T20: सीरीज बचाने आज मैदान पर उतरेगी टीम इंडिया, जानें ट्रेंट ब्रिज में किस समय शुरू होगा रोमांच और कैसी रहेगी पिच
शमसाद अंसारी की रिपोर्ट

