दिल्ली में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात, फुटपाथ से सोती हुई मासूम को उठा ले गया कैब ड्राइवर, दुष्कर्म के बाद ले ली जान

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के महरौली इलाके से एक बेहद खौफनाक और इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां सोमवार तड़के एक ऐप आधारित टैक्सी चालक ने फुटपाथ पर सो रही 10 साल की मासूम बच्ची का अपहरण किया, उसके साथ दरिंदगी की और फिर पहचान छुपाने के लिए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने बच्ची के शव को गुरुग्राम के जंगलों में छिपा दिया। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शिकायत मिलने के महज चार घंटे के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार (22 जून) की सुबह करीब 5 बजे पीड़ित परिवार ने पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को बच्ची के लापता होने की सूचना दी थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए महरौली थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई। पुलिस टीम ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपने खुफिया तंत्र को सक्रिय किया। कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस महज चार घंटे में मुख्य आरोपी तक पहुंच गई, जिसकी पहचान 25 वर्षीय बबलू के रूप में हुई है।
पकड़े जाने के बाद जब पुलिस ने आरोपी बबलू से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने महरौली के सीडीआर चौक के पास फुटपाथ से बच्ची को अगवा किया था। इसके बाद वह उसे अपनी गाड़ी से गुरुग्राम के जंगली इलाके में ले गया, जहां उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस मामले में जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि पीड़ित परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। आर्थिक तंगहाली के कारण पहले उनका किराए का मकान छूट गया था, जिसके बाद से वे फुटपाथ पर जीवन बसर करने को मजबूर थे। बच्ची के माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं, जबकि बच्चे सड़क पर गुब्बारे बेचकर परिवार की मदद करते थे। पीड़ित परिवार के चार बच्चों में यह 10 वर्षीय बच्ची भी शामिल थी।
हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी बबलू भी मूल रूप से बिहार का ही रहने वाला है और वह दिल्ली-एनसीआर में ऐप आधारित कैब चलाता है। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उस पर पहले से कुछ मामले दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी और पीड़ित परिवार के बीच पहले से कोई जान-पहचान नहीं थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या, अपहरण और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

