इस साल के अंत तक बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, लेकिन उससे पहले वोटर लिस्ट में सुधार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए कि सुप्रीम कोर्ट को भी इस मामले में दखल देना पड़ा। दरअसल, राज्य भर में चुनाव आयोग द्वारा वोटर लिस्ट में सुधार के नाम पर आधार कार्ड की मांग की जा रही है और कई जगहों पर बिना जानकारी के मतदाताओं के नाम लिस्ट से काटे जा रहे हैं। ऐसे में जरूरी हो गया है कि हर नागरिक समय-समय पर यह जांच करता रहे कि उसका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं। अक्सर ऐसा देखा गया है कि पिछले चुनावों में जिनका नाम वोटर लिस्ट में था, उन्हें अगली बार पता चलता है कि उनका नाम लिस्ट से गायब हो गया है। इस बार चुनाव से पहले नाम कटने की संभावना और भी अधिक बताई जा रही है। ऐसे में घर बैठे ही मोबाइल या लैपटॉप की मदद से अपने नाम की जांच करना जरूरी हो गया है।
ऐसे करें ऑनलाइन चेक :-
- सबसे पहले अपने फोन या लैपटॉप के ब्राउजर में जाकर https://voters.eci.gov.in टाइप करें और साइट ओपन करें।
- राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल खुलेगा। यहां बायीं ओर ‘Search in Electoral Roll’ का विकल्प मिलेगा, उस पर क्लिक करें।
- अब नया पेज खुलेगा, जिसका यूआरएल http://electoralsearch.in होगा।
- इस पेज पर दो विकल्प होंगे—पहला नाम से सर्च और दूसरा EPIC नंबर यानी वोटर आईडी कार्ड नंबर से सर्च।
पहला तरीका – नाम से सर्च :-
इसमें आपको अपना पूरा नाम, पिता या पति का नाम, उम्र, राज्य, लिंग, जिला और विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र की जानकारी भरनी होगी। सभी जानकारियां भरने के बाद ‘Search’ पर क्लिक करें और पता करें कि आपका नाम लिस्ट में है या नहीं।
दूसरा तरीका – EPIC नंबर से सर्च :-
यह तरीका अधिक आसान है। इसमें सिर्फ आपका वोटर आईडी कार्ड नंबर (EPIC) डालना होता है। जानकारी भरने के बाद आसानी से पता चल जाएगा कि आपका नाम वोटर लिस्ट में है या नहीं।
मैसेज के जरिए नाम चेक करने की सुविधा :-
बिहार, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के मतदाता एसएमएस के माध्यम से भी अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल से एक मैसेज टाइप करें :-
ELE (स्पेस) अपना वोटर आईडी नंबर
उदाहरण : ELE TDA1234567
इसे 56677 नंबर पर भेज दें। इसके लिए ₹3 का चार्ज लगेगा।
इसके अलावा आप ‘Voter Helpline’ मोबाइल ऐप की मदद से भी यह जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। ऐप को गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। बिहार में आगामी चुनावों से पहले वोटर लिस्ट में अपना नाम जांचना बेहद जरूरी हो गया है। समय रहते यह कदम उठाकर आप मतदान के दिन किसी भी असुविधा से बच सकते हैं।




