"मोदी को सम्मान, जनता को राहत": नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान

मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के मोतिहारी दौरे पर थे, जहां गांधी मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उनके साथ मंच साझा किया। इस मौके पर नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि राज्य सरकार अब सभी परिवारों को मुफ्त बिजली देगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में कहा, “हम प्रधानमंत्री को बहुत इज्जत देते हैं। उनकी बात मानते हुए हमने मुफ्त बिजली देने का फैसला किया है। आज शाम को ही इस प्रस्ताव को कैबिनेट में पास कर दिया जाएगा।”
नीतीश कुमार ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले के शासन में राज्य की हालत खराब थी। उन्होंने कहा, “हमने जबसे मिलकर सरकार चलाई है, बीते 20 वर्षों में लगातार विकास का काम किया है। पहले सिर्फ ₹24,000 करोड़ का बजट होता था, अब हम 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च कर रहे हैं।” उन्होंने केंद्र सरकार की भी सराहना करते हुए कहा कि बिहार के लिए प्रधानमंत्री विशेष प्रयास कर रहे हैं।
रोजगार के मुद्दे पर भी नीतीश कुमार ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अब तक राज्य में 29 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा, “हमने 10 लाख सरकारी नौकरियां दी हैं, और कुल 29 लाख रोजगार उपलब्ध कराए हैं। अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य तय किया गया है।”
बिजली व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा, “पहले पटना में भी सिर्फ 8 घंटे बिजली मिलती थी। अब पूरे बिहार में 24 घंटे बिजली दी जा रही है। अब हम सबको बिल्कुल मुफ्त बिजली देंगे। यह निर्णय आज ही कैबिनेट में लिया जाएगा।” नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री की ओर इशारा करते हुए कहा, “हम आपको (मोदी को) कितना सम्मान देते हैं, ये फैसला इसी भावना के साथ लिया गया है कि जनता के हित में मिलकर काम किया जाए।”




