यूपी विधानसभा चुनाव 2027: राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने फूंका चुनावी बिगुल, एनडीए के साथ पूरी ताकत से उतरेगी उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी गोटियां बिछानी शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा की अगुवाई वाले राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) ने राज्य में अपनी चुनावी तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। उत्तर प्रदेश मीडिया क्लब में आयोजित एक भव्य प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने साफ किया कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के साथ मिलकर पूरी मजबूती से मैदान में उतरेगी। पार्टी का मुख्य लक्ष्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बिहार-बंगाल की तर्ज पर यूपी में जीत का दावा
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मुख्य प्रवक्ता ए. के. वाजपेयी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीतिक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट है। हम एनडीए गठबंधन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़ेंगे। वाजपेयी ने बड़ा एलान करते हुए कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा जल्द ही उत्तर प्रदेश का सघन दौरा शुरू करेंगे, ताकि जमीनी स्तर पर गठबंधन को एक अभूतपूर्व मजबूती दी जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार पार्टी ने बिहार में राजनीतिक मोर्चे पर शानदार सफलता हासिल की है और हाल ही में पश्चिम बंगाल जैसे महत्वपूर्ण राज्यों में एनडीए ने मजबूत स्थिति दर्ज कराई है, ठीक उसी ऊर्जा के साथ 2027 में उत्तर प्रदेश में भी गठबंधन की प्रचंड बहुमत वाली सरकार बनाई जाएगी। पार्टी इसके लिए एक विशेष 20 सूत्रीय कार्यक्रम पर काम करेगी, जिसके तहत अंत्योदय की परिकल्पना को साकार किया जाएगा।
हर गांव और हर घर तक पहुंचेगी सरकार की योजनाएं
राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन का हर एक सिपाही उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं, विकास कार्यों और ऐतिहासिक उपलब्धियों को राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाएगा। हमारा प्रयास सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि संगठन को हर बूथ स्तर पर इतना सुदृढ़ करना है कि 2027 के नतीजों में हमारी भागीदारी निर्णायक साबित हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पार्टी पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों में भी अपने सांगठनिक ढांचे को विस्तार दे रही है।
गठबंधन धर्म का होगा अक्षरशः पालन: पृथ्वीराज यादव
प्रेस वार्ता में मौजूद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पृथ्वीराज यादव ने सांगठनिक तैयारियों पर संतोष जताते हुए कहा कि हमारा कैडर 2027 के महासमर के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। सीटों के तालमेल के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोक मोर्चा गठबंधन के सिद्धांतों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शीर्ष नेतृत्व द्वारा जो भी सीटें हमें आवंटित की जाएंगी या जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, पार्टी का हर कार्यकर्ता उसका अक्षरशः पालन करेगा। हमारा एकमात्र लक्ष्य उत्तर प्रदेश में एनडीए की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करना है।
यूपी प्रांतीय कमेटी का विस्तार, नई नियुक्तियों की घोषणा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर रामकुमार राणा ने संगठन को नई गति देने के लिए उत्तर प्रदेश प्रांतीय कमेटी के विस्तार की घोषणा की। राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के निर्देशों और वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति से नई नियुक्तियां की गईं।
इस विस्तार के तहत अरुण चौधरी और अंकित यादव को उत्तर प्रदेश का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं, हरेन्द्र सिंह को प्रदेश सचिव और अजय कुमार सिंह को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रांतीय अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन नियुक्तियों पर बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार राणा ने कहा कि ये पद महज राजनीतिक ओहदे नहीं हैं, बल्कि यह राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के प्रगतिशील विचारों को धरातल पर उतारने का एक पवित्र संकल्प है। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड में पार्टी का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में यह ताकत एनडीए गठबंधन को और अधिक सशक्त बनाएगी।
इस महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों वरिष्ठ पदाधिकारी, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने आगामी चुनावों में विजय का सामूहिक संकल्प लिया।
बगहा को मिली आधुनिक आयोजन स्थल की सौगात, एनएच-727 पर ‘हाईटेक मां दुर्गा विवाह भवन’ का उद्घाटन




