समस्तीपुर: रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ी गई महिला थाना प्रभारी और ड्राइवर

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की सख्त कार्रवाई जारी है। इस बार निगरानी टीम ने समस्तीपुर महिला थाना प्रभारी एसआई पुतुल कुमारी और उनके ड्राइवर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छतौना निवासी राजीव कुमार की शिकायत पर की गई।
राजीव कुमार ने निगरानी विभाग को दी गई सूचना में बताया कि उनके पड़ोसी द्वारा महिला थाना में उनके खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में उन्हें महिला थाना से बुलावा आया और कहा गया कि वे लिखित रूप से अपना पक्ष रखें। जब वे महिला थाना पहुंचे, तो थाना प्रभारी पुतुल कुमारी ने उनसे मामले को रफा-दफा करने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की। साथ ही धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं दिए गए तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी।
राजीव कुमार ने इस रिश्वत मांगने की जानकारी निगरानी विभाग को दी, जिसके बाद निगरानी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए थाना परिसर में ही पुतुल कुमारी और उनके ड्राइवर को 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पूछताछ के लिए निगरानी कार्यालय ले जाया गया है।
इस घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आम जनता और अन्य अधिकारियों में भी यह संदेश गया है कि रिश्वतखोरी को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगरानी विभाग की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि सरकारी पदों पर बैठे व्यक्ति यदि भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाते हैं तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।




