बिहार के टॉप 5 एड्स काउंसलरों में चमके बगहा के रमेश रंजन सिंह, राज्य स्तर पर हुए सम्मानित

बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र से बगहा के लिए एक बेहद गौरवशाली खबर सामने आई है। अनुमंडलीय अस्पताल बगहा में तैनात एड्स परामर्शी रमेश रंजन सिंह उर्फ सिंटू सिंह को एचआईवी और एड्स जागरूकता के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है। पूरे बिहार से चुने गए महज पांच सर्वश्रेष्ठ काउंसिलरों में रमेश रंजन सिंह ने अपनी जगह बनाकर न सिर्फ अस्पताल बल्कि पूरे चंपारण क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
राजधानी पटना में बुधवार की शाम आयोजित एक भव्य राज्यस्तरीय समारोह में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उन्हें प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न सौंपकर सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें एचआईवी संक्रमितों को मानसिक संबल देने, उनकी गोपनीयता बनाए रखते हुए सटीक मार्गदर्शन करने और समाज में एड्स के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने के अथक प्रयासों के लिए दिया गया है।
रमेश रंजन सिंह लंबे समय से बगहा के अनुमंडलीय अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने न केवल संक्रमित मरीजों को समय पर इलाज और जरूरी सावधानियों के प्रति जागरूक किया, बल्कि उनके परिजनों की भी बेहतरीन काउंसलिंग कर समाज में एक सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया। उनके सही मार्गदर्शन की वजह से सैकड़ों लोगों को समय पर जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकी हैं।
इस बड़ी उपलब्धि की खबर जैसे ही बगहा पहुंची, अनुमंडलीय अस्पताल के डॉक्टरों, प्रबंधकों और साथी स्वास्थ्यकर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई। अस्पताल परिवार ने इसे पूरे क्षेत्र के स्वास्थ्य विभाग के लिए एक बड़ी प्रेरणा बताया है।
सम्मानित होने के बाद रमेश रंजन सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने सहयोगियों और मरीजों के भरोसे को दिया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। समाज में आज भी एड्स को लेकर जो झिझक और रूढ़िवादिता है, उसे खत्म करने के लिए वे भविष्य में और अधिक संवेदनशीलता और समर्पण के साथ काम करते रहेंगे। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी रमेश रंजन की कार्यशैली, मरीजों के प्रति उनके मानवीय दृष्टिकोण और सकारात्मक व्यवहार की खुलकर सराहना की है।




