बेतिया के कालीबाग मंदिर परिसर स्थित पोखरे में मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

- बेतिया में कालीबाग मंदिर परिसर के पोखरे में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। मंगलवार सुबह जब स्थानीय लोग टहलने निकले तो उन्होंने पोखरे में शव को तैरते देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी गई है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची कालीबाग थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। काफी प्रयासों के बावजूद फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस की जांच के दौरान मंदिर के मुख्य गेट के पास एक लावारिस साइकिल मिली, जिस पर एक बैग बंधा हुआ था। बैग की तलाशी में कुछ कपड़े और मोबाइल चार्जर मिले हैं, लेकिन पहचान संबंधी कोई भी दस्तावेज नहीं मिल सका है। इस संदिग्ध स्थिति को देखते हुए पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) बेतिया भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है ताकि युवक के वहां पहुंचने के समय और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। सोशल मीडिया पर भी मृतक की तस्वीरें जारी की गई हैं ताकि उसकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। पुलिस ने स्थानीय लोगों से किसी भी प्रकार की जानकारी होने पर थाना को सूचित करने की अपील की है।
शमसाद अंसारी रिपोर्ट




