ब्रेकिंग न्यूज

बाल्मीकिनगर हवाई सेवा: सांसद सुनील कुमार के प्रयासों से चम्पारण के विकास को मिले नए पंख

बिहार के पर्यटन मानचित्र पर विशेष स्थान रखने वाले पश्चिम चम्पारण के बाल्मीकिनगर को एक बड़ी सौगात मिली है। क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत हो चुकी है, जिसे स्थानीय सांसद सुनील कुमार ने सीमावर्ती क्षेत्र के विकास के लिए एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताया है। सांसद ने इस बड़ी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पिछले दो वर्षों से किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सुखद परिणाम है।

सांसद सुनील कुमार ने बताया कि बाल्मीकिनगर को हवाई संपर्क से जोड़ने के लिए उन्होंने संसद से लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय तक लगातार आवाज उठाई थी। उन्होंने याद दिलाया कि लोकसभा में इस विषय को प्रखरता से उठाने के बाद, उन्होंने 29 जुलाई 2024 को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की सचिव रूबीना अली से मुलाकात कर एयरपोर्ट निर्माण की रूपरेखा साझा की थी। इसके बाद, 6 फरवरी 2025 को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन से व्यक्तिगत मुलाकात कर बाल्मीकिनगर में हवाई अड्डे के विकास और छोटे घरेलू विमानों के परिचालन की मांग को मजबूती से रखा था।

इन निरंतर प्रयासों का ही असर रहा कि केंद्र सरकार के आम बजट 2025-26 में उड़ान योजना के अंतर्गत बिहार के जिन छह हवाई अड्डों को घरेलू उड़ानों के लिए विकसित करने की मंजूरी मिली, उनमें बाल्मीकिनगर भी शामिल है। एयरपोर्ट के आधुनिक टर्मिनल भवन और रनवे विस्तार के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा 38.64 करोड़ रुपये की निविदा भी जारी की जा चुकी है, और भूमि अधिग्रहण का काम तेजी से चल रहा है।

इसी कड़ी में अब यहां से पटना के लिए हेलीकॉप्टर सेवा का सफल शुभारंभ कर दिया गया है। आगामी 18 जुलाई से प्रत्येक शनिवार और रविवार को यह सेवा यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी, जिसका एक तरफ का किराया 5,000 रुपये तय किया गया है।

सुनील कुमार ने कहा कि इस हवाई सेवा से न केवल स्थानीय निवासियों को आपातकाल और सामान्य दिनों में तेज व सुरक्षित सफर का विकल्प मिलेगा, बल्कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व और गंडक नदी की प्राकृतिक सुंदरता देखने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को भी बेहद आसानी होगी। पर्यटन बढ़ने से पूरे चम्पारण क्षेत्र में व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री राम मोहन और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत केंद्र व राज्य सरकार के प्रति आभार जताया है।

नेताओं के झूठे वादे और प्रशासनिक उदासीनता की भेंट चढ़ा बोडहा नदी का पुल, पानी बढ़ते ही पांच पंचायतों की थमी जिंदगी

शमसाद अंसारी की रिपोर्ट

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button