महिला अंचलाधिकारी के साथ दुर्व्यवहार, लूटपाट- मारपीट; तीन गिरफ्तार

सासाराम। जिले के दरिगांव थाना क्षेत्र स्थित करसेरूआ गांव में सूर्यपुरा की महिला अंचलाधिकारी गोल्डी कुमारी के साथ बदसलूकी, लूटपाट और मारपीट की घटना सामने आई है। घटना के वक्त वह अपने मित्र कौशल कुमार (सीओ, रिवीलगंज) के साथ कैमूर पहाड़ी स्थित गीता घाट वॉटरफॉल घूमने जा रही थीं।
रास्ते में कुछ असामाजिक तत्वों ने महिला अधिकारी की गाड़ी का पीछा किया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर 7–8 लफंगे इकट्ठा हो गए और वाहन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने शीशे तोड़ दिए और बाइक गिराकर रास्ता भी रोक दिया। इस दौरान सीओ का मोबाइल फोन और बैग छीन लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। महिला अधिकारी की ओर से छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। छिना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। घटना के बाद कैमूर पहाड़ी जैसे पर्यटन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जब एक अधिकारी सुरक्षित नहीं, तो आम पर्यटकों की सुरक्षा कितनी दुरुस्त है, यह चिंता का विषय बन गया है।



