ब्रेकिंग न्यूज

बिहार के बगहा में शादी के ढाई महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके वालों ने पति पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

पश्चिम चंपारण के बगहा से एक बेहद ही हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां शादी के महज ढाई महीने बाद ही एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना चौतरवा थाना क्षेत्र के कोल्हूआ चौतरवा गांव की है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतका की पहचान कोल्हूआ चौतरवा गांव निवासी दीपु बैठा की पत्नी सुनीता देवी के रूप में हुई है। सुनीता का मायका भैरोगंज थाना क्षेत्र के तोनवा त्रिभौनी गांव में था। मृतका की मामी मतरानी देवी और मामा मुन्ना बैठा ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सुनीता की शादी इसी साल 21 अप्रैल 2026 को पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। शादी के समय सामर्थ्य के अनुसार बाइक और अन्य सामान उपहार स्वरूप दिए गए थे। इसके बावजूद ससुराल के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर सुनीता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।

परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी न होने के कारण सुनीता की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। घटना के वक्त मृतका के माता-पिता मजदूरी के लिए धान की रोपाई करने बाहर गए हुए थे और घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान उन्हें बेटी की मौत की खबर मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के मामा ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी पति और अन्य दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।

इस पूरे मामले पर चौतरवा थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की गहनता से तफ्तीश कर रही है। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर सबूत जुटाए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक टीम की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी। परिजनों की तरफ से मिलने वाले आवेदन और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आरा पुलिस लाइन में भव्य पासिंग आउट परेड: डीआईजी सत्य प्रकाश ने ली सलामी, बोले- अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा ही पुलिस की असली पहचान

शमसाद अंसारी की रिपोर्ट

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button