पटना के दियारा इलाके में बाढ़, एनएच पर चढ़ा पानी

Bihar Flood: गंगा, पुनपुन और दरधा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण पटना जिले के कई ग्रामीण इलाकों में पानी घुस गया है। धोवा और फल्गु का जलस्तर बढ़ने से फतुहा के सिरपतपुर एवं दनियावां प्रखंड के निम्मी सिलारपुर स्थित जमींदारी बांध क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे कई गांवों में पानी घुस गया। हालांकि इसकी मरम्मत कर दी गई है।
दनियावां के महात्माइन में उफान से दनियावां-नगरनौसा पथ (एनएच 30ए) पर होरिल बिगहा पेट्रोल पंप के समीप पानी चढ़ गया है। दियारा इलाके में सबसे ज्यादा परेशानी है, क्योंकि फसलें डूब गई हैं। गंगा नदी गांधी घाट और हथिदह में खतरे के निशान से ऊपर नदियों रही उफान से सिरतपुर के पास बीच टूट गया। दानापुर में गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने से दियारा के गांवों में जाने वाले मार्ग पर बहाव होने लगा है। इससे शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, शनिवार की रात में पुनपुन पर बन रहा सस्पेंशन ब्रिज का सपोर्टिंग एंगल कुछ जगहों को छोड़ बह गया।
गंगा नदी में उफान से बक्सर से बेगूसराय तक दियारा क्षेत्रों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। भोजपुर में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के लाल निशान को पार कर गया है। बेगूसराय और मुंगेर के दियारा क्षेत्रों की करीब 20 हजार की आबादी बाढ़ से प्रभावित है। नेपाल में बारिश से बिहार की नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है।




