बिहार के 1.67 करोड़ घरों को राहत, 1 अगस्त से मुफ्त बिजली योजना लागू
सासाराम, 17 जुलाई। बिहार में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने घोषणा की है कि 1 अगस्त 2025 से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी।
सीएम नीतीश ने यह जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “एक्स” पर साझा करते हुए कहा:
हमलोग शुरू से ही सस्ती दरों पर सभी को बिजली उपलब्ध करा रहे हैं। अब हमने तय कर दिया है कि 1 अगस्त, 2025 से यानी जुलाई माह के बिल से ही राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट तक बिजली का कोई पैसा नहीं देना पड़ेगा।
इस योजना से बिहार के करीब 1 करोड़ 67 लाख घरेलू उपभोक्ताओ को लाभ मिलेगा। सरकार का दावा है कि इससे राज्य के आम लोगों को आर्थिक राहत मिलेगी, खासकर गरीब और निम्न-मध्यम वर्ग के परिवारों को।
सौर ऊर्जा को लेकर भी बड़ा प्लान
मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि आने वाले तीन वर्षों में राज्य में 10,000 मेगावाट तक सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य तय किया गया है। इसके तहत:
गरीब परिवारों के घरों या नजदीकी सार्वजनिक स्थलों पर सरकारी खर्चे पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे।
अन्य उपभोक्ताओं के लिए राज्य सरकार आंशिक सहयोग देगी।
यह सब कुटीर ज्योति योजना के अंतर्गत होगा।
चुनावी मौसम में बड़ा कदम
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक यह कदम आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। इसे “फ्री बिजली बनाम महंगाई” के नैरेटिव से जोड़कर देखा जा रहा है।
बिजली के क्षेत्र में यह अब तक की सबसे बड़ी छूट मानी जा रही है, जिससे न सिर्फ लोगों का मासिक खर्च कम होगा बल्कि बिहार को सौर ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में भी नई दिशा मिलेगी।




