बिहार

विदेशी शराब की तस्करी में 5 महिला तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने किया पर्दाफाश

मोकामा। हाथीदह पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए विदेशी शराब की तस्करी में शामिल पांच महिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उस समय की गई जब महिलाएं मोकामा से बेगूसराय शराब की खेप लेकर ऑटो से जा रही थीं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं उत्तर प्रदेश से शराब लेकर ट्रेन से मोकामा आ रही हैं और वहां से बेगूसराय में इसकी सप्लाई करने वाली हैं।

सूचना के आधार पर हाथीदह थानाध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजेंद्र पुल ऑटो स्टैंड के पास घेराबंदी की। जैसे ही महिलाएं वहां पहुंचीं, पुलिस ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 50 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। गिरफ्तार की गई सभी महिलाएं कसहा दियारा गांव की रहने वाली हैं। पुलिस के मुताबिक, यह महिलाएं लंबे समय से इस धंधे में संलिप्त थीं और शराब माफिया के नेटवर्क का हिस्सा थीं।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि शराब की यह खेप उत्तर प्रदेश के मुगलसराय से ट्रेन के माध्यम से लाई गई थी। तस्कर महिलाएं मोकामा रेलवे स्टेशन पर उतरीं और वहां से ऑटो में सवार होकर बेगूसराय की ओर रवाना हुईं। लेकिन बीच रास्ते में ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस का मानना है कि इस नेटवर्क में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

फिलहाल सभी गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ की जा रही है और पुलिस इस तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है। हाथीदह पुलिस ने तस्करी के इस नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है।

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button