बीपीएससी में परचम लहराकर डीएसपी बने देव कुमार मौर्य, बधाई देने जमुनिया पहुंचे सांसद सुनील कुमार

गौनाहा (पश्चिम चंपारण)। थरुहट की हृदयस्थली माने जाने वाले गौनाहा प्रखंड के जमुनिया गांव के रहने वाले देव कुमार मौर्य ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर चयनित होकर उन्होंने न सिर्फ अपने परिवार का, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
इसी कड़ी में वाल्मीकि नगर के सांसद सुनील कुमार ने जमुनिया स्थित देव कुमार मौर्य के पैतृक आवास पर पहुंचकर उन्हें अंग वस्त्र प्रदान किया और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। सांसद ने उनके उज्ज्वल और यशस्वी भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसे होनहार युवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर जदयू के प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष विक्रमा चौधरी ने नवनियुक्त डीएसपी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की कर्मभूमि के इस लाल ने गौनाहा प्रखंड को पूरे राज्य में गौरवान्वित किया है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचना बेहद गर्व की बात है।
इस सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और जदयू कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से उदयभान गुप्ता, श्रीकांत महतो, युवा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष आनंद कुमार राम उर्फ गुड्डू राम, विजय राउत, नवीन गुप्ता, निरंजन राम और छोटू पटेल शामिल थे। सभी ने देव कुमार की इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई राह दिखाने वाला बताया।
नीरज मिश्रा की रिपोर्ट
भितहां पुलिस की विशेष चेकिंग में उत्तर प्रदेश के दो युवकों समेत 10 लोग गिरफ्तार, कोर्ट भेजा



