ब्रेकिंग न्यूज

रांगी नदी में डूबने से 13 साल के बच्चे की मौत, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया, गांव में पसरा मातम

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां के मैनाटांड प्रखंड में स्थित इनरवा थाना क्षेत्र के शाहपुर परसौनी गांव में रांगी नदी में नहाने गया एक 13 वर्षीय किशोर गहरे पानी में समा गया। अगले दिन बुधवार को उसका शव नदी से बरामद हुआ। इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे का शिकार हुआ किशोर शाहपुर परसौनी निवासी मुन्ना अंसारी का 13 साल का बेटा अल्ताफ अंसारी उर्फ गुड्डू था। ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार के दिन अल्ताफ अपने कुछ दोस्तों के साथ रांगी नदी में नहाने के लिए गया था। नहाते-नहाते वह अचानक गहरे पानी की तरफ चला गया, जहां वह खुद को संभाल नहीं पाया और नदी के तेज बहाव व गहराई में डूब गया।

अल्ताफ को डूबता देख साथ गए बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद भारी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। मंगलवार देर शाम तक नदी में उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद बुधवार की सुबह स्थानीय लोगों ने एक बार फिर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार किशोर का बेजान शरीर नदी से बाहर निकाला जा सका।

जैसे ही अल्ताफ का शव पानी से बाहर आया, परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही इनरवा थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी थी। हालांकि, मृतक के परिवार वालों ने लिखित तौर पर आवेदन देकर बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से साफ इनकार कर दिया। परिजनों की इच्छा का सम्मान करते हुए पुलिस ने पंचनामा की औपचारिकताएं पूरी कीं और शव को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।

इस दुखद घटना ने पूरे शाहपुर परसौनी गांव को हिलाकर रख दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस हादसे से सबक लेते हुए सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे बरसात और गर्मी के मौसम में बच्चों को अकेले नदी, पोखरों या गहरे जलाशयों में न जाने दें। बच्चों पर विशेष निगरानी रखकर ही भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।

कौटिल्य पब्लिक स्कूल छात्र मौत मामला: सांसद सुनील कुमार ने पीड़ित परिवार को दिया निष्पक्ष जांच का आश्वासन

शमसाद अंसारी की रिपोर्ट

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button