छात्रों की मांग तेज़: तिलक कॉलेज में शुरू हो LLB और BA LLB कोर्स, स्थानीय विद्यार्थियों को मिले न्यायिक शिक्षा का अवसर

कटनी। शहर के उच्च शिक्षा संस्थानों में न्यायिक शिक्षा (legal education) के अभाव को लेकर छात्रों में गहरी चिंता देखने को मिल रही है। तिलक कॉलेज में LLB और BA LLB पाठ्यक्रम शुरू करवाने की माँग को लेकर स्थानीय छात्रों ने आवाज़ बुलंद की है।
छात्रों का कहना है कि कटनी जैसे ज़िले में जहां बड़ी संख्या में सामाजिक न्याय, कानून, और प्रशासन में रुचि रखने वाले छात्र हैं, वहां सरकारी स्तर पर विधि पाठ्यक्रम (law courses) उपलब्ध नहीं हैं। इस कारण छात्रों को रीवा, जबलपुर, सतना जैसे शहरों की ओर पलायन करना पड़ता है, जिससे आर्थिक और मानसिक दोनों बोझ बढ़ता है।
छात्रों ने कहा कि जब तिलक कॉलेज पहले से ही R.D.V.V. विश्वविद्यालय से संबद्ध है, और अन्य विषयों की कक्षाएं संचालित हो रही हैं, तो वहाँ पर विधि संकाय भी आरंभ किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि यह माँग सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि शैक्षिक न्याय और क्षेत्रीय समानता से जुड़ी है। इसके लिए एक ज्ञापन तैयार कर जिला प्रशासन और उच्च शिक्षा विभाग को जल्द सौंपा जाएगा, ताकि अगली शैक्षणिक सत्र से LLB और BA LLB जैसे कोर्सेस की शुरुआत की जा सके।




