बगहा विधानसभा में चुनावी गर्मी: 'विकसित बगहा संकल्प' के तहत युवा नेता अंकित देव अर्पण ने शुरू की ‘युवा एकता संपर्क यात्रा’

Viksit Bagha Sankalp Yatra: बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है और हर विधानसभा क्षेत्र से नेता अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इसी क्रम में बगहा विधानसभा से युवा चेहरा अंकित देव अर्पण ने भी अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करते हुए युवाओं की आवाज को बुलंद करने और स्थानीय लोगों को बेहतर अवसर देने की बात कही है।
अंकित देव का विकसित बगहा संकल्प
अंकित देव अर्पण ने ‘विकसित बगहा संकल्प’ के तहत ‘युवा एकता संपर्क यात्रा’ की शुरुआत चौतरवा थाना क्षेत्र के पतिलार स्थित बहुरिया माता स्थान से की। यात्रा में काली माता स्थान और मठ स्थान होते हुए इंग्लिशिया पंचायत तक का भ्रमण किया गया। इस दौरान जगह-जगह स्थानीय लोगों का भारी समर्थन देखने को मिला और सैकड़ों की संख्या में युवा उनकी यात्रा में शामिल हुए।
तीन नए कानूनों को बताया बेहतर
मीडिया से बातचीत में अंकित देव अर्पण ने कहा कि इसी पतिलार के उच्च विद्यालय में दो दशक पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आगमन हुआ था, लेकिन अफसोस की बात है कि इतने वर्षों में भी क्षेत्र को मजबूत नेतृत्व नहीं मिल सका। उन्होंने कहा, “लोग सिर्फ प्रतिनिधि नहीं चुनते, वे विधायिका का निर्माण करते हैं।” उन्होंने तीन नए लागू हुए केंद्रीय कानूनों का हवाला देते हुए मजबूत विधायिका की जरूरत पर बल दिया, जिससे न्यायपालिका और कार्यपालिका बेहतर बन सके।

स्थानीय मुद्दों को तरजीह
स्थानीय मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने इंग्लिशिया पंचायत को पुनः बथवरिया थाना क्षेत्र में शामिल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस क्षेत्र को चौतरवा थाना में शामिल कर दिया गया है, जिससे बुजुर्गों को 15–20 किमी दूर थाना जाना पड़ता है और क्षेत्र में पुलिस गश्ती की कमी के कारण चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
युवाओं की समस्याओं पर बात करते हुए अर्पण ने बताया कि बगहा क्षेत्र के युवा आज भी हिंदी और भोजपुरी तक सीमित हैं, जिससे उन्हें दूसरे राज्यों में भाषाई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्थानीय स्तर पर उद्योगों को बढ़ावा देने की वकालत की और कहा कि बगहा में संसाधनों की कमी नहीं है, यदि सरकार का सहयोग मिले तो पलायन को रोका जा सकता है।
अस्पतालों को लेकर चिंता
स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बगहा अनुमंडल अस्पताल में महिला चिकित्सकों की भारी कमी है और परसौनी का स्वास्थ्य केंद्र अब तक शुरू नहीं हो पाया है, जिससे लोगों को इलाज के लिए गोरखपुर के निजी अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ रहा है, जो हर किसी की पहुंच से बाहर है।
अंत में उन्होंने कहा कि ‘युवा एकता संपर्क यात्रा’ बगहा विधानसभा की हर पंचायत में जाएगी और इसका उद्देश्य क्षेत्र की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझकर समाधान की दिशा में ठोस प्रयास करना है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा को हर जाति, वर्ग और समुदाय का समर्थन मिल रहा है, जो क्षेत्र में बदलाव की मजबूत इच्छा को दर्शाता है।




