पश्चिम चंपारण: पदाधिकारियों की मिलीभगत से नहीं हो रहा सड़कों का मरम्मत, विधायक ने की शिकायत

बेतिया। ग्रामीण कार्य विभाग प्रमंडल नरकटियागंज के अंतर्गत सिकटा विधानसभा क्षेत्र में पंचवर्षीय अनुरक्षण नीति के तहत सड़कों की मरम्मती नहीं हो रही है। इस लापरवाही को लेकर सिकटा विधायक ने राज्य के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखा है और दोषी पदाधिकारियों व संवेदकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने कहा है कि विभाग की मिलीभगत से संवेदक सड़कों पर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं। ईंट के टुकड़े डालकर और जीपीएस लोकेशन युक्त फोटो भेजकर मरम्मती दिखा दी जाती है, जबकि सड़कों की हालत जर्जर बनी हुई है। कुछ सड़कों को मरम्मत किए बिना ही उनकी पंचवर्षीय अवधि समाप्त होने की प्रतीक्षा की जा रही है।
जर्जर सड़कों की प्रमुख सूची में शामिल हैं:
- वैशखवा-खापटोला मार्ग (महेसड़ा, कदमवा, सोनवर्षा के बीच)
- गौरीपुर-परसौनी मार्ग (मुड़ली, परसौनी गांवों में)
- मधुरी-बहुअरवा मार्ग (बहुअरवा गांव के बीच)
- सिकटा-बिरेठ मार्ग (जगन्नाथपुर, बेहरी, महेसड़ा, मलाही गांव)
- मैनाटांड़-सुखलही मार्ग (बास्टा स्कूल-मस्जिद और पीपरा-सुखलही)
- रम्पुरवा पेट्रोल पंप से पदनौल चौक त्रिवेणी नहर मार्ग
- गौरीपुर-बैरगिया मार्ग (गौरीपुर गांव)
विधायक ने मांग की है कि इन सभी सड़कों की तत्काल जांच कराकर मरम्मती कराई जाए, दोषी संवेदकों को ब्लैकलिस्ट किया जाए और पदाधिकारियों पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई हो। जांच में विधायक या उनके प्रतिनिधि की उपस्थिति सुनिश्चित हो और कार्रवाई रिपोर्ट की जानकारी भी दी जाए।




