बगहा में ड्रोन की नजरों के बीच अकीदत संग निकला मोहर्रम का ताजिया जुलूस, शांति और सौहार्द की मिसाल पेश

बिहार के बगहा पुलिस जिला में मोहर्रम का त्योहार पूरी श्रद्धा, अकीदत और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो गया। शहरी और ग्रामीण इलाकों में शनिवार को सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच ताजिया जुलूस निकाले गए। प्रशासन की पैनी नजर और ड्रोन कैमरों की निगरानी में अकीदतमंदों ने कर्बला के शहीद हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया। पूरे जिले में त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मना और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं आई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने जानकारी दी कि जिले के सभी संवेदनशील चौराहों, मस्जिदों और जुलूस के रास्तों पर भारी संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और महिला-पुरुष जवानों को तैनात किया गया था। सुरक्षा का जायजा लेने के लिए एसडीएम चांदनी कुमारी, एसडीपीओ निहार भूषण और एसडीपीओ रागनी कुमारी लगातार क्षेत्र में गश्त करते रहे। इसके साथ ही सभी थानों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखी।
बगहा नगर के प्रमुख इलाकों जैसे पारस नगर, गांधीनगर, ईदगाह मस्जिद, डुमवलिया, बगहा-दो, पटखौली और रत्नमाला में बेहद आकर्षक ताजिया जुलूस निकाले गए। इस दौरान कई जगहों पर भव्य मेलों का माहौल रहा, जहां अखाड़े के खिलाड़ियों ने पारंपरिक युद्धकला और हैरतअंगेज लाठी-डंडों के करतब दिखाए। इन करतबों को देखने के लिए सड़कों और चौराहों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्थानीय नागरिकों ने भी जगह-जगह जुलूस का गर्मजोशी से स्वागत किया।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए आधुनिक ड्रोन कैमरों की मदद ली गई, जिससे हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। उन्होंने त्योहार को सफल और शांतिपूर्ण बनाने के लिए जिला प्रशासन की मुस्तैदी के साथ-साथ शांति समिति के सदस्यों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम जनता के सहयोग की सराहना की और सभी का आभार जताया।




