बिहार

बगहा में बड़े डकैत गिरोह का पर्दाफाश: हथियार और लूट के माल के साथ 9 शातिर अपराधी दबोचे गए

बगहा: बिहार के बगहा में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए इलाके में सक्रिय एक संगठित अपराधी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चोरी, लूट और डकैती जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने वाले इस गैंग के 9 सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, जिंदा कारतूस, नकदी, वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और लूटे गए मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

आम के बगीचे में बन रही थी बड़ी वारदात की योजना

यह कामयाबी पुलिस को एक गुप्त सूचना के आधार पर मिली। भैरोगंज थाना पुलिस को इनपुट मिला था कि हरहा नदी के किनारे एक आम के बगीचे में कुछ अपराधी इकट्ठा हुए हैं और किसी बड़ी डकैती की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही बगहा पुलिस अधीक्षक (एसपी) रामानंद कुमार कौशल के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब बगीचे की घेराबंदी कर छापेमारी की, तो अपराधी भागने लगे। हालांकि, मुस्तैद पुलिस जवानों ने पीछा कर सभी 9 संदिग्धों को दबोच लिया।

बरामदगी का विवरण

गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से दो पिस्टल, दो मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस, एक देसी कट्टा और एक धारदार चाकू मिला। इसके अलावा पुलिस ने 11,740 रुपये नकद, अपराध में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें, छह निजी मोबाइल और हाल ही में राहगीरों से लूटे गए तीन अन्य मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

तनवीर खान चला रहा था संगठित नेटवर्क

पुलिस पूछताछ में इस गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस गैंग का मुख्य संचालक तनवीर खान है, जो अपने साथियों के साथ सुनसान इलाकों में बैठकर डकैती की रूपरेखा तैयार करता था। लूट के बाद सामान को ठिकाने लगाने की जिम्मेदारी मुराद अली और कुनेन अंसारी की थी। ये दोनों लूटा हुआ माल झुंझुन उर्फ जूना नाम के शख्स तक पहुंचाते थे, जो उसे बाजार में बेचकर पैसे का इंतजाम करता था।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान

पुलिस हिरासत में आए आरोपियों के नाम तनवीर खान, गुड्डू अंसारी उर्फ इफ्तेखार, नबी आलम, मुराद अली, कलाम आलम, सरफराज आलम, कुनेन अंसारी, झुंझुन उर्फ जूना और बिट्टू जायसवाल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इनमें से अधिकांश अपराधियों का पुराना इतिहास रहा है और उनके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, चोरी व घर में घुसकर लूटपाट करने जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।

इस पूरी सफल कार्रवाई को रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी और बगहा एसडीपीओ निहार भूषण के संयुक्त नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के बाकी संपर्कों और मददगारों का पता लगाने में जुटी है।

अधिकारी का बयान:

“भैरोगंज थाना क्षेत्र में हरहा नदी के पास डकैती की योजना बना रहे 9 अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह एक संगठित गिरोह है जिसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इनके पास से पिस्टल, कट्टा, कारतूस और लूटे गए मोबाइल बरामद हुए हैं। पूरे नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।”रामानंद कुमार कौशल, एसपी, बगहा

बगहा में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा: सड़क पर आए बच्चे को बचाने के प्रयास में ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला, मौत

संबंधित लेख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button