ऑपरेशन सिंदूर “मिशन LiFE” और अंतरिक्ष की ऐतिहासिक सफलता अब बनेंगे स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा, जानिए पूरी जानकारी

देश के छात्रों को अब सिर्फ किताबों में नहीं, बल्कि कक्षा में भी राष्ट्रीय सुरक्षा, सैन्य रणनीति और कूटनीति की अहमियत सिखाई जाएगी। एनसीईआरटी (NCERT) जल्द ही ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ पर आधारित एक विशेष शिक्षण मॉड्यूल तैयार कर रहा है, जो कक्षा 3 से 12 तक के छात्रों को पढ़ाया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, यह मॉड्यूल कक्षा 3 से 8 के लिए और कक्षा 9 से 12 के लिए दो भागों में होगा। यह मॉड्यूल 8 से 10 पृष्ठों का होगा और 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले और भारत की सैन्य कार्रवाई को विस्तार से बताएगा।
शिक्षा मंत्रालय का उद्देश्य
इस मॉड्यूल का उद्देश्य छात्रों को आजाद भारत की उपलब्धियों से जोड़ना है और उन्हें देश के विकास की कहानी बताना है जिसे वे गर्व से सुनते हैं। यह मॉड्यूल आने वाले वर्षों में विद्यार्थियों को प्रेरित करेगा कि वे न सिर्फ ज्ञान प्राप्त करें बल्कि देश को बनाने में भी योगदान दें।
क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों को घर में मार डाला। ऑपरेशन सिन्दूर के तहत भारत ने पाकिस्तान और पीओके(POK) में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे चार दिन तक चला भारत-पाक संघर्ष हुआ।
अब छात्रों को इन विषयों का भी अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।
इस विशेष शिक्षण मॉड्यूल में छात्रों को ऑपरेशन सिन्दूर सहित कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी जाएगी। इसमें मिशन LiFE (Lifestyle for Environment) की व्यापक समझ विकसित करने पर जोर होगा, ताकि विद्यार्थी पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना सीख सकें। साथ ही, इस पाठ्यक्रम में भारत-पाक विभाजन की विभीषिका भी शामिल की जाएगी, ताकि युवा पीढ़ी को देश के इतिहास की कड़वी सच्चाइयों से अवगत कराया जा सके, जिनका आज भी समाज पर प्रभाव है।
भारत की अंतरिक्ष शक्ति बनने की यात्रा में भी बहुत कुछ शामिल किया जाएगा। इसमें आदित्य L1 मिशन, चंद्रयान मिशन और हाल ही में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक पहुंचने जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियों को रोचक ढंग से दिखाया जाएगा। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच, पर्यावरणीय चेतना और देशभक्ति की भावना देने का प्रयास किया जाएगा।
एनसीईआरटी (NCERT) ने ऑपरेशन सिन्दूर, मिशन LiFE और भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने का फैसला किया है, जो एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम है। इससे छात्रों को न केवल वर्तमान राष्ट्रीय घटनाओं की जानकारी मिलेगी, बल्कि देश की सुरक्षा, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और वैज्ञानिक उपलब्धियों के प्रति जागरूक और उत्साहित भी होंगे। यह प्रयास विद्यार्थियों को सिर्फ बुनियादी ज्ञान तक सीमित नहीं करेगा, बल्कि उन्हें जागरूक नागरिक, संवेदनशील पर्यावरण प्रेमी और देशभक्त बनने की प्रेरणा भी देगा। यह परिवर्तन उन्हें वर्तमान से जोड़ेगा और उन्हें भविष्य के लिए भी तैयार करेगा।




