डीआईजी ने किया बगहा एसडीपीओ कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण, पेंडिंग केसों को जल्द निपटाने का अल्टीमेटम

बगहा। चंपारण रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) ने शनिवार को बगहा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कार्यालय का सालाना मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के कामकाज, फाइलों के रखरखाव, पेंडिंग मामलों की स्थिति और कानून-व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के बाद डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक भी की, जिसमें क्षेत्र के गंभीर और संवेदनशील अपराधों पर विस्तृत चर्चा हुई।
इस विशेष बैठक में फरार अपराधियों की धरपकड़, वारंट और कुर्की-जब्ती की तामीली, कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने की स्थिति तथा लंबित मुकदमों के त्वरित निष्पादन की समीक्षा की गई। डीआईजी ने कड़े तेवर अपनाते हुए मातहत अधिकारियों को निर्देश दिया कि संगीन मामलों की जांच में वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा लिया जाए और पूरी पारदर्शिता के साथ तय समय के भीतर जांच प्रक्रिया पूरी की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने इलाके में क्राइम कंट्रोल के लिए नियमित गश्त बढ़ाने, जगह-जगह वाहन चेकिंग अभियान चलाने और संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखने की हिदायत दी। डीआईजी ने पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि वे जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें ताकि आम लोगों की शिकायतों का तुरंत निपटारा हो सके। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और जवाबदेही के साथ निभाने को कहा ताकि पुलिसिंग को अधिक उत्तरदायी और जनता के अनुकूल बनाया जा सके। इस मौके पर बगहा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और एसडीपीओ समेत कई अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




